मेड स्टार हॉस्पिटल पर चला स्वास्थ्य विभाग डंडा,संचालन पर रोक

Dec 27 2022

मेड स्टार हॉस्पिटल पर चला स्वास्थ्य विभाग डंडा,संचालन पर रोक

लखनऊ।फैजुल्लागंज स्थित मेड स्टार हॉस्पिटल के खिलाफ मिली शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग के अफसरों ने डंडा चला दिया है। अस्पताल में भर्ती मरीजों को वहां से निकाल कर सरकारी अस्पतालों में शिफ्ट कराया है और इस निजी अस्पताल के संचालन पर रोक लगा दी है। बता दें कि मरीज को जबरन बंधक बनाकर कर और तीमारदार की पिटाई का वायरल वीडियो पर ये कार्रवाई की गई है।
बता दें,कि लखीमपुर खीरी के निघासन निवासी राम अवतार की आंतें फट गई थीं। परिवारीजनों ने 10 दिसंबर को मरीज को फैजुल्लागंज बंधा रोड स्थित मेड स्टार हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। तीमारदार शिव नारायण ने आरोप लगाया था कि ऑपरेशन के नाम पर ढाई लाख रुपये वसूले थे। 75 हजार रुपये और मांगे थे। मना करने पर मरीज को बंधक बना लिया था। तीन दिन तक मरीज को जबरन भर्ती रखा। उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक से शिकायत के बाद अस्पताल प्रशासन ने मरीज को छोड़ा था। डिप्टी सीएम के हस्तक्षेप के बाद सीएमओ ने मामले की जांच शुरू की।
अस्पताल के भीतर का एक वीडियो पिटाई का वॉयरल हुआ था। वीडियो में एक युवक को बेरहमी से बेल्ट और पाइप से मारते हुए दिख रहा था। युवक मदद की गुहार लगा रहा था। एक महिला युवक को रस्सी से बांधकर सबक सिखाने की धमकी दे रही थी। वहीं अस्पताल का संचालक रियाज ने बताया कि वह मरीज या तीमारदार नहीं था। वह चोर था। अब सवाल यह उठता है कि युवक यदि चोरी करते हुए पकड़ा गया था। तो उसे पुलिस के हवाले किया जाना चाहिए था न कि पिटाई करनी चाहिए थी।
सोमवार को डिप्टी सीएमओ डॉ. एपी सिंह और डॉ. केडी मिश्र ने अस्पताल में जांच करने पहुंचे। डॉ. एपी सिंह ने बताया कि मेड स्टार अस्पताल में हुई तीमारदार की हुई पिटाई की सत्यता समाने आ रही है। इस लिए अस्पताल के संचालन में अस्थायी रोक लगा दी गई है। यह रोक जांच पूरी होने तक लगी रहेगी। इस दौरान अस्पताल में न तो ओपीडी का संचालन होगा और न ही मरीजों की भर्ती होगी। जांच के दौरान तीन मरीज भर्ती थे। तीनों को अलग-अलग सरकारी अस्पतालों में शिफ्ट करा दिया गया है। एक मरीज को रीढ़ की हड्डी में परेशानी थी। उसे केजीएमयू में भेजे जाने के निर्देश दिए गए हैं।